जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, अवैध शराब की आपूर्ति बढ़ रही है। पुलिस ने फरीदाबाद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लगभग 300 पेटी बीयर एवं 30 पेटी शराब बरामद की है। इन मामलों में नौ शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले मामले में बुधवार को थाना सूरजकुंड पुलिस ने अनखीर चौक के पास से अजरौंदा निवासी अमित सिंह और स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी निवासी पंकज को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 300 पेटी बीयर बरामद की गई।
दूसरे मामले में कोतवाली पुलिस ने नीलम चौक से धर्मबीर और सतबीर को 20 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। अन्य मामलों में थाना एसजीएम नगर पुलिस ने पटेल चौक से मनोज कुमार को 50 बोतल देसी शराब, श्याम बाबू को मुल्ला होटल के पास से 25 बोतल और राहुल कॉलोनी से महेश चंद्र को 13 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
भूपानी पुलिस ने रिवाजपुर गांव से महावीर को 26 अध्धों के साथ गिरफ्तार किया है। साथ ही तिगांव पुलिस ने होरम नामक व्यक्ति को गांव मंदावली से 24 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा है। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।