कोरोना वायरस के चलते लोग रेल से यात्रा करने में भी परहेज कर रहे हैं। प्रतिदिन 25 से 30 प्रतिशत आरक्षित टिकट कैंसिल कराए जा रहे हैं। वहीं, टिकट बुकिंग में भी पांच से सात प्रतिशत की कमी आ गई है। रेलवे ऐसी ट्रेनों की सूची बना रही है जिनमें यात्रियों की संख्या कम है, ताकि ट्रेन को निरस्त किया जा सके।
कोरोना वायरस को लेकर रेलवे के साथ ही यात्री भी सतर्क हो गए हैं। स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे भी प्लेटफार्म टिकट का चार्ज 10 रुपये से ज्यादा वसूल रहा है। पूरे रेल मंडल में 15 से 50 रुपये तक प्लेटफार्म टिकट मिल रहा है। गैर जरूरी भीड़ को कम करने के लिए मुंबई, वडोदरा, अहमदाबाद, रतलाम, राजकोट, भावनगर रेल मंडल के 250 स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट 50 रुपये का है।
खाने पर भी लग सकता है प्रतिबंध
संक्रमण रोकने के लिए वातानुकूलित कोच में कंबल भी नहीं दिया जा रहा है, लेकिन अब यात्रियों को दिए जाने वाले खाने पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है। क्योंकि, पेंट्री कार से खाना परोसने वाले को हर कोच में घूमना पड़ता है। कहीं ऐसा न हो कि एक कोच का संक्रमण दूसरे कोच में खाने के माध्यम से फैल जाए। हालांकि, रेल मंत्रालय अभी इस पर विचार कर रहा है।
बुधवार को संसदीय समिति की बैठक
बुधवार को संसदीय समिति की बैठक में रेल मंत्रालय कोरोना को लेकर उठाए जाने वाले कदम से अवगत कराएगा। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सभी जोन के महाप्रबंधकों के साथ बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भी करेंगे। उधर, रेल मंत्रालय समेत कई रेल मंडल के कार्यालयों और स्टेशनों पर थर्मल स्क्रीनिंग भी की जा रही है। नई दिल्ली स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाई गई है, जहां थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। मंत्रालयों में विजिटर पास बनना भी बंद कर दिया गया है।
ट्रेन होने लगी निरस्त
कोरोना वायरस की वजह से ट्रेनें निरस्त होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। सेंट्रल रेलवे ने कई रूट की ट्रेन निरस्त करने की घोषणा की है। 22 और 29 मार्च को ट्रेन संख्या 11206 निजामुद्दीन-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो 24 व 31 मार्च को निरस्त रहेगी। ट्रेन संख्या 22222 निजामद्दीन-मुंबई राजधानी 21, 24, 26 और 31 मार्च को निरस्त रहेगी। उत्तर रेलवे ने एक निर्णय में निजामुद्दीन-कोटा जंक्शन स्पेशल के फेरे को बढ़ा दिया है। ट्रेन संख्या 09809/09810 दोनों दिशाओं से प्रतिदिन एक अप्रैल तक चलेगी।