दिल्ली में हुई इस दर्दनाक घटना की तस्वीर में आपको एक रॉड नजर आ रही होगी, ये तीन फिट लंबी रॉड इस शख्स के सिर को चीरती हुई आर-पार हो गई।
दर्द से कराह रहे इस शख्स का नाम चरन सिंह उर्फ दारा है, जो कि ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है।
इस भयानक हादसे के बाद भी इस शख्स ने हार नहीं मानी और जैसे-तैसे पुलिस की मदद से पूरे होशोहवास में एम्स में भर्ती कराया गया।
एम्स के डॉक्टरों ने चार घंटे में बचाई जान
बता दें कि शुक्रवार सुबह एम्स के डाक्टरों ने करीब चार घंटे के ऑपरेशन के बाद इस तीन फुट लंबी रॉड को चरन के सिर से निकाला।
चरन अभी ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती है, मगर उसकी हालत खून ज्यादा बहने की वजह से नाजुक बनी हुई है। आइए आपको बताते हैं कि आखिर ये दर्दनाक हादसा चरन के साथ कैसे हुआ।
बिंदापुर थाना इलाके में गुरुवार देर शाम उत्तमनगर मैट्रो स्टेशन के पास एक स्कूटी पर सवार होकर तीन लोग आए। जिन्होंने चरन पर रॉड से हमला किया, हमले में रॉड चरन के सिर के आर-पार हो गई।
50 हजार लूटने के लिए किया था हमला!
हमले में रॉड चरन के सर के आर-पार हो जाने के बाद उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। शुरूआती जांच में पता चला है कि लूटपाट के इरादे से इस हमले को अंजाम दिया गया था।
ऐसा इसलिए लग रहा है क्योंकि उस वक्त चरन सिंह के पास करीब 50 हजार रूपए थे। हालांकि आरोपियों ने चरन के बजाए उसके बुआ के लड़के कमल से चार हजार रूपए लूटे और चरन पर रॉड से हमला किया।
चश्मदीदों की मानें तो तीन आरोपियों के साथ-साथ आसपास के लोगों ने भी चरन सिंह और उसके भाई कमल को पीटा। किसी तरह जान बचाकर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया।