दिल्ली पुलिस के असिस्टेंट वायरलेस ऑपरेटर (एडब्ल्यूओ) का पहला बैच सोमवार को दिल्ली पुलिस में शामिल हो गया। इसके अलावा सिपाहियों का 98 व 99वां बैच भी दिल्ली पुलिस का हिस्सा बन गया। दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (प्रशासन) आलोक कुमार वर्मा ने परेड की सलामी ली।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया कि 156 एडब्ल्यूओ में चार महिलाएं, जबकि कुल 288 सिपाहियों में 24 महिलाएं शामिल हैं। एडब्ल्यूओ के पहले बैच में दिल्ली से 61, हरियाणा से 54, उत्तर प्रदेश से 31, राजस्थान से सात और बिहार से तीन युवक हैं।
इनमें से एक ने एमबीए, एक ने एमसीए, 14 ने बीटेक, दो ने इलेक्ट्रॉनिक्स में डिप्लोमा, 9 ने बीसीए, 23 ने बीएससी और 32 ने बीए किया हुआ है।
वहीं सिपाहियों में 71 पुलिसकर्मी दिल्ली से, 81 हरियाणा से, 68 राजस्थान से , 61 उत्तर प्रदेश से, तीन उत्तराखंड से और एक-एक बिहार, पंजाब व उड़ीसा से हैं। इनमें से सात ने एमए, दो ने बीटेक, छह ने बीएड, दो ने बीएसए, तीन ने बीबीए और 88 ने बीए किया हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार एडब्ल्यूए पुलिसकर्मियों की रेडियो कम्युनिकेशन और मॉडर्न कम्युनिकेशन तकनीक ट्रेनिंग पर जोर दिया गया है। इसके अलावा उन्हें पावर इलेक्ट्रॉनिक्स मैसेज सेंडिंग, कंप्यूटर ऑपरेटर और मल्टीमीडिया आदि की विशेष ट्रेनिंग दी गई है। वहीं सिपाहियों को पोक्सो एक्ट, फर्स्ट एड और स्ट्रेस मैनेजमेंट की विशेष ट्रेनिंग दी गई।