25 करोड़ की चोरी के मामले में पुलिस किसलय पांडेय के कनेक्शन के सबूत जुटा रही है। इसके लिए नौकरों और चालकों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, मास्टरमाइंड गोपाल की तलाश में पुलिस दिल्ली-एनसीआर के अलावा कई अन्य जिलों में भी दबिश दे रही है। दावा है कि बहुत जल्द गोपाल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को कई अहम सुराग मिले हैं। किसलय-राममणि के लिए काम करने वाले दो नौकरों और तीन चालकों से पुलिस पूछताछ कर रही है। गोपाल के बारे में भी कई अहम जानकारियां मिली हैं। यह बात सामने आई है कि गोपाल का एक गनर के साथ आना जाना था। इससे उसकी पहचान चालकों व नौकरों से भी हो गई थी। वहीं, पुलिस अधिकारी अभी तक सिल्वर सिटी सोसाइटी के फ्लैट नंबर के बारे में भी कुछ भी बताने से बच रहे हैं। हालांकि, जांच में यह पता चला है कि फ्लैट में चोरी लॉक खोलकर की गई थी
और यह पता लगाया जा रहा है कि लॉक ओरिजिनल चाबी से खोला गया था या डुप्लीकेट चाबी बनवाई गई थी। वहीं, किसलय ने मीडिया में आकर खुद के विदेश में होने की बात कही है, लेकिन पिता राममणि अब तक सामने नहीं आए हैं। पुलिस पिता-पुत्र के आपराधिक रिकॉर्ड का पता कर रही है। इसके लिए दिल्ली, गुरुग्राम सहित एनसीआर व देश के अन्य बड़े शहरों की पुलिस से संपर्क में है।
गनर साथ लेकर चलते हैं पिता-पुत्र
पुलिस जांच में यह पता चला है कि राममणि पांडेय और किसलय पांडेय हमेशा गनर के साथ चलते हैं। पुलिस को दो गनर के बारे में पता चला है। पुलिस कई स्थानों पर जाकर परिवार के बारे में और जानकारी इकट्ठा कर रही है। पता चला है कि राममणि के परिवार के सदस्य प्रदेश में पुलिस और प्रशासनिक महकमे में तैनात हैं। हालांकि, अन्य भाइयों के साथ राममणि का रिश्ता बेहतर नहीं बताया जाता है।