पूर्वी दिल्ली। सावन के रविवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जौहरीपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में द्वादश ज्योतिर्लिंगों का पार्थिव पूजन व रुद्राभिषेक कराया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
द्वादश ज्योतिर्लिंग पार्थिव पूजन में 24 जोड़े यजमान के रूप में शामिल हुए। वैदिक विधि से सभी जोड़ों को पूजा कराई गई। रुद्राभिषेक के दौरान भगवान शिव को 108 बेलपत्र व 108 फूल अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने जल, दूध व अन्य सामग्री से शिवलिंग का अभिषेक किया।
मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य पंडित विजय कृष्ण ने बताया कि सावन में शिव पूजा का विशेष महत्व है। इसी को ध्यान में रखते हुए 12 ज्योतिर्लिंगों के प्रतीक स्वरूप मिट्टी से 12 पार्थिव ज्योतिर्लिंग तैयार किए गए। पूजा को विधिवत संपन्न कराने के लिए 21 वैदिक विद्वानों ने हिस्सा लिया। ब्यूरो