ज्ञान वाटिका स्कूल के पास बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
आपसी कहासुनी के बाद पीछा कर शरीर पर किए चाकू से 17 वार
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। मंडावली थाना क्षेत्र में आपसी विवाद में दो बदमाशों ने एक 22 वर्षीय युवक वंश डेढ़ा की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घटना ज्ञान वाटिका स्कूल के पास की है।
घटना की सूचना मंडावली थाने को रात करीब 8 बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। पुलिस टीम जब तक मौके पर पहुंची वंश सड़क पर लहूलुहान पड़ा था। पुलिस कर्मियों ने तुरंत उसे पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में पता चला कि वंश के शरीर पर 17 जगह चाकू से वार किए गए थे जिससे अत्यधिक खून बहने की वजह से उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात से कुछ देर पहले वंश की करावल नगर निवासी 22 वर्षीय केशव कुमार के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई थी। विवाद बढ़ने पर केशव ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वंश से बदला लेने की योजना बनाई। दोनों ने बाइक से वंश का पीछा किया और ज्ञान वाटिका स्कूल के पास उसे घेरकर अचानक हमला बोल दिया।
मंडावली पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी केशव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू, घटना के समय पहने गए कपड़े और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।