फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुराड़ी में एमए की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, वजह जान पुलिस भी रह गई हैरान

Tue, 23 Oct 2018 06:08 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
शिल्पा (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सोमवार सुबह पड़ोसियों ने घर में घुसकर अकेली युवती के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की। इस दौरान युवती घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों का आरोप है कि इससे हताश एमए की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। शव की शिनाख्त शिल्पा (21) के रूप में हुई है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों का आरोप है कि शिल्पा पर ब्लेड व टूटी बोतल से हमला किया गया था।  उधर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कार्रवाई नहीं करने की बात से इंकार कर रहे हैं। शिल्पा की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी परिवार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। 

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक शिल्पा परिवार के साथ गली नंबर-5, झड़ौदा पार्ट-2, बुराड़ी में रहती थी। परिवार में पिता दयाशंकर शर्मा, मां प्रेम कुमारी, छोटी बहन प्रियंका शर्मा व अन्य सदस्य हैं। शिल्पा इग्नू से एमए कर रही थी और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी। दयाशंकर जगतपुरी स्थित एक निजी पब्लिक स्कूल में टीचर हैं। आरोप है कि रविवार शाम को किसी बात पर शिल्पा और पड़ोसी युवक अमर तिवारी व संजय तिवारी का झगड़ा हो गया। तू-तू मैं-मैं के बीच मारपीट की नौबत आ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और वापस चली गई। इसके बाद दयाशंकर छोटी बेटी प्रियंका को ट्यूशन छोड़ने चले गए।

मां प्रेम कुमारी दूध लेने चली गई। घर में शिल्पा अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी अमर तिवारी और संजय तिवारी का पिता श्याम लाल तिवारी ने शिल्पा से बहाने से दरवाजा खुलवा लिया। मौका पाकर संजय व अमर घर में घुस गए। उन्होंने शिल्पा पर टूटी बोतल व ब्लेड से हमला कर घायल कर दिया। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो आरोपी भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिल्पा को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में दोनों पक्षों को सुबह थाने बुलाने की बात कह पुलिस लौट गई। सोमवार सुबह करीब 6.15 बजे शिल्पा नहीं उठी। परिजनों ने जाकर करीब 6.35 बजे देखा तो वह कमरे में फंदे पर लटकी हुई थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर सोमवार को ही परिजनों को सौंप दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

खौफ और पुलिस की लापरवाही पर उठाया आत्मघाती कदम: परिजन

पीड़िता के ताऊ कृपाशंकर व पिता दयाशंकर ने आरोप लगाया है कि शिल्पा पर धारदार हथियार से हमला किया गया लेकिन पुलिस ने आरोपियों को छोड़ दिया। वहीं, आरोपी परिवार इलाके में दबंग है उन्होंने पूरे परिवार को जाने से मारने की धमकी दी थी, जिससे शिल्पा डर गई थी। इसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया है। परिवार का आरोप है कि उनके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी है, लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस इन आरोपों से इंकार कर रही है।

आरोपी परिवार का आरोप, शादी के लिए बना रही थी दबाव
आरोपी पड़ोसी संजय तिवारी ने बताया कि उसके भाई अमर व शिल्पा के बीच काफी समय से दोस्ती थी। संजय का आरोप है कि शिल्पा शादी का दबाव बना रही थी, जिसके लिए उसका भाई तैयार नहीं था। एक सप्ताह से शिल्पा उसके भाई के मोबाइल पर कॉल कर रही थी। लेकिन अमर कॉल नहीं उठा रहा था। संजय ने बताया कि रविवार शाम को वह अपने भाई के साथ गांव जा रहा था। इस बीच शिल्पा ने ऊपर से उनके ऊपर ईंट से हमला किया, जिससे हेलमेट टूट गया लेकिन वह बच गया। इसको लेकर झगड़ा भी हुआ था। संजय ने घर में घुसकर हमला करने के आरोप से इंकार किया है। 

लापरवाही के झूठे आरोप लगा रहा है परिवार: पुलिस
उत्तरी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि पहली बार जब झगड़ा हुआ तो पुलिस उस समय भी मौके पर पहुंची थी। दूसरी बार पुलिस मौके पर पहुंची तो शिल्पा ने एमएलसी कराने से इंकार कर दिया। बाद में समझाने पर वह तैयार हो गई। पुलिस ने जब पीड़िता का बयान लेने के लिए कहा तो लड़की के परिवार ने सोमवार सुबह बयान देने की बात कही थी। इसलिए कॉल को पेंडिंग में रखा गया था। अब लड़की की मां प्रेम कुमारी की शिकायत पर आरोपी परिवार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें