हथीन। राजकीय उच्च विद्यालय में जिला स्तरीय आरएसवीपी विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें हथीन, होडल और पलवल खंड के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर विज्ञान मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सात उपविषयों के तहत प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 21 विद्यार्थियों को विजेता घोषित किया गया।
विज्ञापन
प्रदर्शनी का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी हथीन ओमपाल तेवतिया, पलवल के खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश और होडल के खंड शिक्षा अधिकारी जगत सिंह ने किया। पलवल खंड के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर विभिन्न मॉडलों की जानकारी ली। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. मामराज रावत ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। चयनित विद्यार्थी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। संवाद