शहर के विस्तार का रास्ता जल्द साफ होने की उम्मीद है। फरीदाबाद के डेवलपमेंट प्लान 2031 को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई है।
शासन की तरफ से अगले एक महीने में फाइन ड्राफ्ट जारी करने के संकेत मिल रहे हैं। डेवलपमेंट प्लान के ड्रॉफ्ट के आड़े आ रही आपत्तियों को लेकर अब तक मामला उलझा हुआ था।
डेवलपमेंट प्लान में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रख 34,368 हेक्टेयर जमीन का प्रावधान किया गया है। 55 गांवों की जमीन पर 72 नए सेक्टर विकसित करने की योजना है। जिनमें आवासीय और औद्योगिक सेक्टर शामिल हैं।
डेवलपमेंट प्लान 2031 का फाइनल ड्राफ्ट प्रकाशित होने से पहले ही हाईकोर्ट ने स्टे लगा दिया था। दरअसल, अरावली क्षेत्र को इस प्लान में शामिल करने की मांग उठ गई थी।
हालांकि, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट की दलीलों के बाद कोर्ट ने स्टे हटा दिया था। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया।
न्यायालय ने अगस्त में मामले को खारिज करते हुए सितंबर के अंत तक सरकार को आपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए याचिकाकर्ता को अवगत करने के आदेश दिए थे।
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट के अधिकारियों की मानें तों सभी प्रक्रियाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। अगले एक महीने में डेवलपमेंट प्लान का फाइनल ड्राफ्ट प्रकाशित हो जाएगा।