फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साहब के लिए 20 मिनट रुकी रही ट्रेन

Fri, 26 Dec 2014 01:58 AM IST
अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
रेलवे के एक सीनियर अधिकारी के लिए श्रमजीवी एक्सप्रेस 20 मिनट रुकी रही। दिल्ली से श्रमजीवी में स्पेशल कोच (आरए) में सफर कर रहे अधिकारी का परिवार गाजियाबाद से ट्रेन में सवार होना था।
विज्ञापन


स्टेशन पर ट्रेन तो समय पर पहुंच गई, लेकिन साहब का परिवार नहीं पहुंचा तो श्रमजीवी के चक्के रोक दिए गए। करीब 20 मिनट बाद अफसर का परिवार स्टेशन पर पहुंचा तो ट्रेन को आगे रवाना किया गया। हालांकि रेलवे के स्थानीय अधिकारी ट्रेन के रुकने का कारण साहब के परिवार को नहीं बल्कि चेन पुलिंग को बता रहे हैं।

श्रमजीवी एक्सप्रेस करीब पौने दो बजे गाजियाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। ट्रेन के पीछे एक सीनियर अधिकारी का विशेष कोच लगा हुआ था। गाजियाबाद में इसका स्टॉपेज सिर्फ दो मिनट का है। लेकिन ट्रेन समय पर रवाना नहीं हुई।
विज्ञापन


काफी देर इंतजार के बावजूद ट्रेन आगे नहीं बढ़ी तो यात्रियों ने नीचे उतरकर हंगामा शुरू कर दिया। ट्रेन यात्री अंकित शर्मा ने बताया कि ट्रेन को रोके जाने की किसी ने कोई वजह नहीं बताई। बावजूद इसके सिग्नल मिलने पर भी ट्रेन नहीं चलाई गई।

नीलम उपाध्याय ने बताया कि टीटीई से ट्रेन के रुकने की वजह पूछी गई तो उन्होंने भी कोई जवाब नहीं दिया। सूत्रों के मुताबिक यात्रियों के विरोध के बावजूद विशेष कोच में सवार अधिकारी ने ट्रेन नहीं चलने दी। करीब 20 मिनट बाद जब अधिकारी का परिवार ट्रेन में सवार हुआ तो स्थानीय अधिकारियों ने ट्रेन को आगे रवाना किया।

उधर, स्टेशन अधीक्षक लियाकत अली ने अधिकारी के परिवार के इंतजार में ट्रेन रोके जाने से इनकार किया है। उनका कहना है कि चेन पुलिंग की वजह से ट्रेन रुक गई थी। ट्रेन को अटेंड कर 10 मिनट बाद उसे रवाना कर दिया।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें