ऑपरेशन क्लीन-13 के तहत शनिवार रात को जनपद के निजी कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले 20 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये लोग कई सालों से छात्र-छात्राओं को आसानी से नशीला पदार्थ मुहैया करा रहे थे।
साढ़े तीन घंटे तक चले इस अभियान में 58 स्थानों पर चेकिंग की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.5 किलोग्राम गांजा, 5.8 किलो डोडा व 1.31 किलो चरस बरामद की है।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि जनपद में करीब दो सौ से अधिक निजी कॉलेज व विश्वविद्यालय हैं। पुलिस को यह लगातार सूचना मिल रही थी कि कॉलेज के आसपास खोखे लगाकर कुछ लोग छात्र छात्राओं के बीच आसानी से मादक पदार्थ मुहैया करा रहे हैं।
इसके बाद पुलिस की टीमें बनाई गईं। करीब 58 स्थानों को चिह्नित किया गया और शनिवार शाम साढ़े छह बजे से रात 10 बजे तक अभियान चलाया गया। इसमें बीस आरोपियों को पकड़ा गया।
ये लोग छात्र-छात्राओं को नशे की पुड़िया देते हैं। पुड़िया का साइज और कीमत भी अलग-अलग होती हैं। गिरफ्तार आरोपी सप्लायर हैं। ये लोग जिनके साथ काम करते हैं। उनके बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
इन थानों में इतनी गिरफ्तारी
सूरजपुर : 03
दनकौर: 03
बादलपुर: 01
इकोटेक 3: 01
दादरी: 01
रबूपुरा : 02
फेज थ्री: 02
सेक्टर-49: 03
फेज टू : 01
सेक्टर-39: 03
जनपद के दो गांव तुगलपुर, बिशनपुरा और गाजियाबाद का खोड़ा नशे के कारोबारियों का अड्डा है। इन गांवों के आसपास कई कॉलेज भी हैं। यहां से पहले भी नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
ऑपरेशन क्लीन के तहत कॉलेजों में मादक पदार्थ की सप्लाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 58 चिह्नित स्थानों पर छापेमारी कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
-वैभव कृष्ण, एसएसपी