दिल्ली-एनसीआर में सर्दी का सितम जारी है। पिछले कुछ दिनों से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। पहाड़ी राज्यों का असर दिल्ली के मौसम पर भी लगतार देखने को मिल रहा है जिससे यहां भी लगातार मौसम बदल रहा है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मौसम विभाग ने तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। खराब मौसम को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने 18 उड़ानें रद्द कर दी हैं।
सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के लिहाज से सामान्य माना रहा है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 327 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में हल्की बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय पर पहुंचे पश्चिमी विक्षोभ और मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पश्चिमी राजस्थान पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते उत्तर भारत के भागों में मौसम बदल रहा है। जिससे यह मंगलवार सुबह तक बारिश होने के बाद आगे निकल जाएगा। इसके बाद मौसम कुछ समय के लिए शुष्क रहने की उम्मीद है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 15 जनवरी के आसपास पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव उत्तर भारत में आ सकता है, जिससे एक बार फिर से बारिश 16 जनवरी से दिल्ली और एनसीआर के शहरों में तेज बारिश की संभावना बन सकती है। वहीं, बारिश होने की वजह से अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखने को मिल सकता है। इससे दिल्लीवासियों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।