मुख्यमंत्री ने तिमारपुर के मलकागंज चौक पर नौ का लोकार्पण और 64 का शिलान्यास किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को तिमारपुर के मलकागंज चौक पर आयोजित कार्यक्रम में एससी/एसटी बस्तियों के सुधार के लिए 85 करोड़ रुपये की 146 विकास परियोजनाओं को मंजूरी देने की घोषणा की। इस दौरान नौ परियोजनाओं का लोकार्पण और 64 नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली केवल ऊंची इमारतों से नहीं, बल्कि उन बस्तियों से बनती है जहां मेहनतकश परिवार रहते हैं। उन्होंने कहा कि जो पैसा पहले शीश महलों पर खर्च होता था, वह अब सीधे जनता के काम आएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 4.12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नौ परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। वहीं 38.63 करोड़ रुपये की लागत वाली 64 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इन कार्यों में चौपालों का नवीनीकरण, सड़कों का निर्माण, पार्कों का विकास, सीवर लाइन बिछाना और पेयजल सुविधाओं का विस्तार शामिल है।
कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि पहले सीमित बजट और अधूरी योजनाओं के कारण लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पाता था, लेकिन अब बजट को 65 करोड़ से बढ़ाकर लगभग 200 करोड़ रुपये किया गया है। बस्तियों में कम्युनिटी सेंटर, चौपाल, लाइब्रेरी और प्रशिक्षण केंद्र सहित 32 प्रकार के विकास कार्य प्राथमिकता से किए जाएंगे।
लोकार्पित परियोजनाओं में नजफगढ़ में जाटव समाज चौपाल का निर्माण-नवीनीकरण, विकासपुरी के बूढ़ेला गांव में वाल्मीकि चौपाल का जीर्णोद्धार, कोंडली की सपेरा बस्ती चौपाल का नवीनीकरण, मुंडका में एससी/एसटी चौपाल का नवीनीकरण, नांगलोई फेज-2 में पार्क विकास, विश्वास नगर में आरएमसी ड्रेन निर्माण, पटेल नगर में सामुदायिक भवन तथा गोकुलपुरी में सीसी पेवमेंट और ड्रेनेज कार्य शामिल हैं।