ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने मंगलवार रात गैंगस्टर सुंदर भाटी के गुर्गे निजामुद्दीन की कुर्क की गई कंपनी से इलेक्ट्रॉनिक्स स्क्रैप चोरी करने वाले 14 अभियुक्तों को मौके से ही गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चार ट्रकों में लदा हुआ भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक स्क्रैप बरामद हुआ है। बरामद स्क्रैप की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। कंपनी सुंदर भाटी गैंग से जुड़े निजामुद्दीन उर्फ निजाम उर्फ उर्फ मुनीम की गैंगस्टर में कुर्क की गई थी।
पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-3 में जब्त की गई कंपनी से बड़ी मात्रा में स्क्रैप चोरी किया जा रहा है। ईकोटेक-3 पुलिस ने दबिश देकर 14 लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जब्त की गई कंपनी से इलेक्ट्रॉनिक्स स्क्रैप चोरी कर गाड़ियों में लोड कर रहे थें। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आरिफ निवासी जमुना नगर हापुड़ रोड मेरठ, योगेश शर्मा, रफाकत निवासी बझेड़ा कलां हापुड़, नजाकत निवासी शेखो का कुआं गांव मुंडाली मेरठ, सालिम, शहजाद निवासी गाजियाबाद, सलीम, इरशाद, अजरुद्दीन, आसिफ, कमरूल निवासी मेरठ, मेहराजुद्दीन, आदिल व नदीम निवासी जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है।