संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में अन्य राज्यों में रजिस्टर्ड तीन पहिया स्कूटर रिक्शा (टीएसआर) के खिलाफ कड़ा अभियान शुरू किया। ये वाहन ट्रैफिक नियम तोड़कर जाम, अवैध पार्किंग और सार्वजनिक असुविधा पैदा करते हैं। उपायुक्त ट्रैफिक पुलिस सतीश कुमार ने बताया कि शिव विहार, लोनी और खजूरी खास के आरडब्ल्यूए तथा स्थानीय निवासियों की लगातार शिकायतों पर पुलिस ने प्रमुख चौराहों, मुख्य सड़कों, बॉर्डर इलाकों और जाम वाली जगहों पर विशेष निगरानी और चेकिंग बढ़ाई। जांच में कई टीएसआर बिना वैध परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस व अन्य जरूरी दस्तावेजों के चलते पाए गए। यह वाहन ट्रैफिक नियमों का भी उल्लंघन करते पाए गए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक अनुशासन बहाल करने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। उल्लंघन करने वाले टीएसआर पर सख्त कार्रवाई हुई, जिसमें 1281 चालान काटे गए और गंभीर मामलों में 155 वाहन जब्त किए गए। उपायुक्त ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा व सुगम यातायात के लिए अभियान जारी रहेगा। सभी से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।