नई दिल्ली। गढ़वाल हितैषिणी सभा की ओर से 30 अगस्त को गढ़वाल भवन में मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले गढ़वाली मूल के 123 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 109 विद्यार्थी तथा सीए और नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 14 विद्यार्थी शामिल हैं।
सभा के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी को स्मृति चिह्न, 2100 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। महासचिव पवन कुमार मैठाणी ने बताया कि विद्यार्थियों के स्मृति चिह्न एडवोकेट धनीराम अंथवाल द्वारा स्थापित गोविंदराम रमा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से प्रायोजित किए जा रहे हैं। नकद पुरस्कार में 1100 रुपये सभा और 1000 रुपये दिल्ली सरकार के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा की ओर से दिए जाएंगे।
समारोह में गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, पद्मश्री लोक गायिका डॉ. माधुरी बड़थ्वाल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा समेत कई शिक्षाविद व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। संवाद