दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी दी कि दिल्लीवासियों की कोरोना जांच के लिए एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इसमें अन्य उपायों के साथ-साथ घर-घर जाकर कोरोना वायरस संक्रमितों का पता लगाना शामिल है। इसके लिए दो लोगों की करीब 1100 टीम का गठन किया गया है।
संशोधित योजना के तहत 30 जून तक कंटेनमेंट जोन में घर-घर जाकर सर्वेक्षण का काम पूरा किया जाएगा और छह जुलाई तक पूरी दिल्ली में सर्वेक्षण का कार्य पूरा किया जाना है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा रविवार को उच्च स्तरीय बैठक में दिल्ली में संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को पृथकवास में रखने और कंटेनमेंट जोन नए सिरे से तय करने की अनुशंसा की गई ताकि राजधानी में तेजी से फैल रहे संक्रमण को रोका जा सके।