यमुना एक्सप्रेसवे पर लूट की वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने घंटों 100 नंबर व एक्सप्रेसवे पर लगे एसओएस बॉक्स से संपर्क करना चाहा। इसके बावजूद इन्हें किसी तरह की मदद नही मिली। बदमाश लूट की घटना को अंजाम देने के बाद आराम से पैदल ही फरार हो गए। निराश परिवार भी अपने घर दिल्ली चला गया।
कानपुर के रूरा से लौटते वक्त रविवार रात को यमुना एक्सप्रेसवे के दयानतपुर गांव के समीप चार बदमाशों ने साइकिल का एक्सल फेंक कपड़ा व्यापारी से दस लाख की ज्वैलरी लूट ली। पीड़ित रामप्रसाद ने फोन पर बताया कि लूट की घटना के बाद 100 नंबर सहित एसओएस व रिश्तेदारों को फोन कर जेवर कोतवाली पुलिस से मदद दिलाने की गुहार लगाई।
वहीं घंटों के इंतजार के बाद भी न तो ग्रेटर नोएडा का 100 नंबर लग पाया और न ही एसओएस बाक्स से मदद मिल सकी। कई गाड़ियों को रुकवाने का भी प्रयास किया। किसी ने गाड़ी नहीं रोकी। थक-हारकर रात में दिल्ली के लिए रवाना हो गए और सुबह फिर से घटनास्थल पर पहुंच पुलिस से मदद की गुहार लगाई।