अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली की सफाई व्यवस्था में लापरवाही अब सफाई कर्मचारियों पर भारी पड़ सकती है। एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार ने सभी 12 जोन के उपायुक्तों को सफाई कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नियमित रूप से लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई और ईमानदारी से काम करने वालों को प्रोत्साहित व पुरस्कृत करने को कहा।
सिविक सेंटर में स्वच्छता सुपरवाइजर और कर्मचारियों के साथ खुले मंच की बैठक में आयुक्त ने कहा कि आने वाले महीने निगम के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हैं। सितंबर में प्रस्तावित बीआरआईसीएस सम्मेलन के बाद त्योहारों का मौसम और फिर सर्दियां शुरू होंगी। ऐसे में सफाई व्यवस्था को अभी से मजबूत करना होगा। सर्दियों में प्रदूषण की चुनौती को देखते हुए निगम को विशेष तैयारी करनी होगी।
आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर आने वाली नागरिक शिकायतों को सकारात्मक रूप से लेने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि नागरिक जब सफाई या नागरिक सुविधा से जुड़ी समस्या सोशल मीडिया पर उठाते हैं तो इसे निगम की कमियां बताने के बजाय सुधार का अवसर माना जाए। अच्छे काम की नागरिकों की ओर से होने वाली सराहना को भी कर्मचारियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में अपर आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा और सभी 12 जोन के उपायुक्त मौजूद थे।