संजय बस्ती में अटल कैंटीन का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को तिमारपुर की संजय बस्ती में अटल कैंटीन का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर दिल्ली में 100 अटल कैंटीन एक साथ शुरू की जाएंगी। यहां जरूरतमंदों को सिर्फ 5 रुपये में साफ-सुथरा और पौष्टिक भोजन मिलेगा। सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीब कल्याण विजन के मुताबिक काम कर रही है। पिछली सरकारों ने झुग्गी बस्तियों की जरूरतों पर ध्यान नहीं दिया लेकिन वर्तमान सरकार ने पहली बार झुग्गी क्षेत्रों के विकास के लिए 700 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। झुग्गियों में सड़क, नाली, शौचालय, पार्क, सामुदायिक सुविधाएं तेजी से विकसित हो रही हैं। हरपरिवार को सम्मानजनक जीवन मिलेगा। हर गरीब परिवार को पक्की छत, शौचालय और गैस सुविधा मिलेगी।
साफ और पौष्टिक खाना मिलेगा
शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि अटल कैंटीनें पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत को समर्पित हैं। इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। ये योजना सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं और स्थानीय महिलाओं को रोजगार देगी। मजदूर, बुजुर्ग और गिग वर्कर्स को भी इससे बड़ी राहत मिलेगी।
आधुनिक होंगी सुविधाएं
हर कैंटीन में साफ-सुथरा सर्विंग एरिया, आरओ वाटर, स्टील फर्नीचर, डिजिटल टोकन सिस्टम, रियल टाइम सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षित कचरा प्रबंधन होगा। दोपहर और रात दोनों समय ताजा खाना उपलब्ध रहेगा। भोजन की गुणवत्ता की जांच एफएसएसआई के मानकों के अनुरूप की जाएगी और सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा।