दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी व पीएनजी रविवार आधी रात से महंगी हो गई है। आईजीएल ने दिल्ली में सीएनजी की एक किलो की कीमत में 45 पैसे और नोएडा, ग्रेटर नोएडा व गाजियाबाद में 50 पैसे का इजाफा किया है।
वहीं, दिल्ली में दो महीने में 36 क्यूबिक मीटर (एससीएम) तक की पीएनजी खपत पर 45 पैसे प्रति एससीएम और गाजियाबाद, नोएडा व ग्रेटर नोएडा में 50 पैसे प्रति एससीएम बढ़ाई गई है।
हालांकि, पीएनजी उपभोक्ताओं को राहत देते हुए आईजीएल ने ऊपरी स्लैब खत्म कर दिया है।
एक ही दर से भुगतान करना होगा
अब उपभोक्ताओं को एक ही दर से भुगतान करना होगा। आईजीएल कहना है कि गैस कीमतों में बढ़ोतरी की वजह इनपुट लागत महंगी होने से की गई है। उपभोक्ताओं को अब दिल्ली में एक किलो सीएनजी के लिए 38 रुपये और एनसीआर के शहरों में 43.30 रुपये देने होंगे।
वहीं, एक एससीएम पीएनजी के लिए दिल्ली में 25.35 रुपये व एनसीआर के शहरों में 27.05 रुपये देने होंगे। अभी तक यह दरें दो महीने में 36 एससीएम खपत करने वाले उपभोक्ताओं को देनी होती हैं।
इससे ऊपर की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को करीब 48 रुपये देने होते थे। आईजीएल ने अब अपना ऊपरी स्लैब खत्म कर दिया है। उपभोक्ताओं को एक दी दर पर पीएनजी मिलेगी।
पब्लिक ट्रांस्पोर्ट पर ज्यादा असर नहीं
आईजीएल प्रवक्ता का कहना है कि सीएनजी और पीएनजी की इनपुट कॉस्ट में इजाफा हुआ है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को थोड़ी महंगी गैस मिलेगी। लेकिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
बढ़ी कीमतों से ऑटो की ईंधन लागत प्रति किमी एक पैसा, टैक्सी का दो पैसा व बसों की 18 पैसे बढ़ेगी। बता दें कि इसी साल अप्रैल में आईजीएल ने कीमतों में कटौती की थी।
एनसीआर में सीएनजी 70 व पीएनजी 75 पैसे तक सस्ती हुई थी। जबकि दिल्ली में सीएनजी की कीमत 60 पैसे पैसे कम हुई थी।