अब भी 25 लाख टन कचरा बाकी, महापौर ने किया साइट का निरीक्षण, नई एजेंसी को सौंपी गई जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी ने भलस्वा लैंडफिल साइट पर जमा कचरे के पहाड़ को खत्म करने की कवायद तेज कर दी है। यहां अब तक करीब 1.02 करोड़ मीट्रिक टन लीगेसी कचरे का निस्तारण किया जा चुका है, लेकिन अभी भी 23 से 25 लाख मीट्रिक टन कचरा हटाया जाना बाकी है। बचे हुए कचरे के निस्तारण के लिए एमसीडी ने नई एजेंसी से अनुबंध किया है। महापौर प्रवेश वाही ने बृहस्पतिवार को लैंडफिल साइट का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निस्तारण की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि भलस्वा में बचे हुए लीगेसी कचरे का तय समयसीमा में निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी और वज्र नाम की अत्याधुनिक मशीन भी लगाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरा निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट की प्रतिदिन समीक्षा की जाए। साथ ही नए कचरे के निस्तारण की व्यवस्था में भी तेजी लाई जाए, ताकि लैंडफिल साइट पर दोबारा कचरे का पहाड़ खड़ा न हो। महापौर ने बताया कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर करीब 30 प्रतिशत और ओखला लैंडफिल साइट पर 60 प्रतिशत भूमि कचरे से मुक्त कराई जा चुकी है। इन खाली कराई गई जमीनों के उपयोग की योजनाओं पर काम चल रहा है।