मामूली विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई के पेट में चाकू घोंपकर घायल कर दिया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इंस्पेक्टर रायपुर हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि अधोईवाला की विजयनगर कॉलोनी में दो सगे भाई सत्यपाल और दीपक रहते हैं। दोनों ही शहर की एक प्रिंटिंग प्रेस में नौकरी करते हैं।
रविवार रात दोनों साथ में खाना खा रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसी बीच बड़े भाई सत्यपाल ने दीपक के पेट में सब्जी काटने का चाकू घोंप दिया। इससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। चीख पुकार सुनकर वहां पहुंचे पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
दीपक को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसका इलाज आईसीयू में किया जा रहा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।