उत्तराखंड के रुड़की में कार चोरी का खुलासा हुआ तो पीड़ित हैरान रह गया। दरअसल, कार चोरी करने वाला उसका भाई ही निकला। युवक ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर इंश्योरेंस के पैसे के लिए भाई की कार चोरी की थी।
रविवार को सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने घटना का खुलासा किया। पुलिस ने चोरी की कार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी देहात ने बताया कि दो मार्च को कोतवाली में सहारनपुर निवासी देवेंद्र कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी कार 28 फरवरी को एक शादी समारोह के दौरान चोरी हो गई थी।
पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की तो पीड़ित के भाई शानू की एक फाइनेस कर्मचारी विशु के साथ लगातार बात होना पाया गया। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की तो उसने बताया कि गाड़ी को तिवाया गागलहेड़ी जिला सहारनपुर में छिपाया हुआ है।
उसने वादी के भाई के साथ मिलकर इंश्योरेंस की रकम का लाभ लेने के लिए गाड़ी को माजरा से चोरी किया था। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह,उप निरीक्षक विनोद रावत, कांस्टेबल हुकुम सिंह, आशुतोष हेमंत, अशोक कुमार शामिल रहे।