रायपुर थाना क्षेत्र के मालदेवता पुल के पास रविवार शाम सौंग नदी में नहाने उतरा युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाती रही लेकिन युवक का पता नहीं चला।
पुलिस के अनुसार मोहकमपुर निवासी सूरज बिष्ट ने सूचना दी कि मालदेवता पुल के पास युवक नदी में बह गया है। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और मालदेवता चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी में पता चला कि दो युवक सौंग नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान एक युवक तेज बहाव में फंस गया और देखते ही देखते नदी में बह गया। बहने वाले युवक के संबंध में पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता लगा कि साहिल गुसाईं (28) निवासी मियांवाला नहाते वक्त बह गया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।