धारा चौकी पुलिस की कथित पिटाई से हुई अजय बरसाती की मौत के मामले में सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट लगा दी है। सितंबर 2012 में पकड़े गए अजय बरसाती की जेल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने आरोप लगाया था पुलिस पिटाई के चलते उसकी जान गई है।
इस मामले में तत्कालीन चौकी प्रभारी पीडी भट्ट समेत कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। सीबीआई ने जांच के बाद क्लोजर रिपोर्ट दी थी, जिसे हाईकोर्ट ने अस्वीकार कर पुन: जांच के आदेश दिए थे। उप निरीक्षक भट्ट के मुताबिक सीबीआई ने दूसरी बार जांच कर पुलिस को क्लीन चिट दे दी है।
उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई
आपदा राहत घोटाले का पर्दाफाश करने वाले और आरटीआई कार्यकर्ता भूपेन्द्र कुमार ने सहसपुर में पुलिस अभिरक्षा में हुई अभिनव यादव की मौत के मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश, राज्यपाल, मानवाधिकार आयोग और नैनीताल हाईकोर्ट को पत्र लिखकर कहा है कि पुलिस की कहानी सवालों के घेरे में है।
आखिर जिस समय अभिनव ने यह कदम उठाया, पुलिस कहां थी, क्यों घंटों बाद इसका पता लगा। इसके अलावा भूपेन्द्र ने आईजी कार्यालय से आरटीआई के तहत सहसपुर थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों की रवानगी से जुड़ी कई जानकारी मांगी है।
थानों की हवालातों की कराई गई चेकिंग
सहसपुर थाने की हवालात में अभिनव यादव की मौत के बाद जिले भर में पुलिस को अलर्ट किया गया। थानों की हवालातों का बारीकी से निरीक्षण किया गया, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनर्रावृत्ति टाली जा सके।
साथ ही थाना प्रभारियों को रात्रि में हवालात पर फोकस रखने को कहा गया है। सघनता से तलाशी के बाद संबंधित लोगों को हवालात में बंद किया जाए। बीच-बीच में संतरी हवालात में बंद लोगों को चेक करे। उधर पट्टी वाले कंबलों को तत्काल हवालात से हटाने को कहा गया है।
सहसपुर थाने की हवालात में दुष्कर्म के आरोपी के आत्महत्या करने के मामले में एसपी सिटी श्वेता चौबे ने सोमवार शाम थाने पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उन्हाेंने हवालात का अवलोकन करने के साथ पुलिस कर्मियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
सहसपुर थाने की हवालात में शुक्रवार रात नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और ब्लैकमेंलिंग के आरोपी अभिनव यादव(24) निवासी चौबे छपरा, जिला बलिया ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। एसएसपी ने रात्रि अधिकारी सहायक दरोगा महेंद्र सिंह नेगी और सर्वेश कुमार को निलंबित करने के साथ थाना प्रभारी पीडी भट्ट और महिला उप निरीक्षक लक्ष्मी जोशी को लाइन हाजिर कर दिया था। मामले की जांच एसपी सिटी श्वेता चौबे को सौंपी थी। एसपी सिटी चौबे ने सोमवार शाम को सहसपुर थाने पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
उन्हाेंने हवालात का निरीक्षण करने के साथ पुलिसकर्मियाें से पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल जवाब किए। उन्हाेंने थाने के रिकार्ड का भी अवलोकन किया। एसपी सिटी ने बताया कि अभी जांच शुरू हो गई है। अभी कुछ भी कहना मुमकिन नहीं है। वे तथ्यों के आधार पर जांच कर अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंप देगी।
निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई
विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष हर्षदीप गुप्ता ने हवालात सुसाइड कांड की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। नगर अध्यक्ष का कहना है कि थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने आरोपी को गिरफ्तार कर एक सराहनीय कार्य किया था, लेकिन रात को हवालात में युवक की मौत पुलिस की लापरवाही उजागर करती है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।