संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। कैंट थाना क्षेत्र के युवक से जमीन दिलाने के नाम पर 33.44 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष केके लूंठी के मुताबिक घटना नवंबर 2024 की है। पीड़ित कैलाश चंद्र जोशी ने तहरीर देकर बताया कि केदारपुर इलाके में वे जमीन तलाश रहे थे। इसी के सिलसिले में उनकी मुलाकात अशोक कुमार नाम के युवक से हुई थी। आरोपी ने केदारपुर में ही जमीन दिखाई थी। इसके बाद जमीन का सौदा 33.44 लाख रुपये में तय हुआ था। उन्होंने पूरी रकम अशोक कुमार के खाते में डाल दी थी। जमीन की रजिस्ट्री हो पाती इससे पहले ही अशोक कुमार ने बेची गई जमीन का दोबारा सौदा 25 लाख रुपये में तय कर दिया। एक ही जमीन के लिए उसने दो लोगों से पैसे ले लिए। पीड़ित ने जमीन की रजिस्ट्री के लिए कई बार बोला लेकिन आरोपी बात को टालता रहा। अब एक साल से अधिक हो गया है आरोपी ने न तो पैसे वापस दिए और न ही रजिस्ट्री कराई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।