- राजस्थान में आयोजित हुआ द्वितीय राष्ट्रीय ताइक्वांडो फेडरेशन कप
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। उत्तराखंड ताइक्वांडो टीम ने द्वितीय राष्ट्रीय ताइक्वांडो फेडरेशन कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 पदक अपने नाम किए। इसमें 10 स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य पदक शामिल हैं। यह प्रतियोगिता राजस्थान में आयोजित की गई थी। उत्तराखंड ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में उत्तराखंड टीम ने विभिन्न आयु व भार वर्गों में पदक जीतकर स्वर्णिम सफलता हासिल की। इसमें देशभर से करीब तीन हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। सब जूनियर वर्ग में प्रनील बिष्ट ने कांस्य, अंशिका बिष्ट ने स्वर्ण, साक्षी रयाल ने कांस्य, दिव्यांशी ने कांस्य पदक हासिल किया। जबकि कैडेट वर्ग में मयंक सिंह गैरा, अनमोल अगारी ने कांस्य, राहुल व प्रांजल बिष्ट ने रजत जीता। जूनियर वर्ग में जयंत साउद ने स्वर्ण, दिनेश कुमार टम्टा ने कांस्य, आयुष्मान शर्मा और आस्था जोशी ने रजत व यशिका तिवारी ने स्वर्ण पदक अर्जित किया। सीनियर वर्ग में मानवी रावत ने कांस्य, प्रियंशी बोहरा ने स्वर्ण व मानसी ने कांस्य पदक जीत उत्तराखंड को गौरवान्वित किया। वहीं, सात से आठ वर्ष की आयु वर्ग में रुद्र प्रताप सिंह, अनंत विजय दीक्षित, ग्रेसी, हितांश उपाध्याय व मानस्वी वर्मा ने स्वर्ण और आदित खरकवाल ने रजत पदक अपने नाम किया। नौ से 10 वर्ष आयु वर्ग में प्रियंशी पुरोहित ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता।