हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बरात में हर्ष फायरिंग का मामला सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर फायरिंग कर रहे युवक की फोटो वायरल हो रही है। एसओ कनखल हरिओमराज चौहान का कहना है कि वह इस मामले की जांच कर रहे हैं। हालांकि उन्हें भी यह जानकारी सोशल मीडिया से मिली है।
घटना हरिद्वार लक्सर मार्ग की बताई जा रही है। बुड्ढी माता तिराहे के पास से गुजर रही एक बरात में एक युवक हाथ में असलहा लहरा रहा है। फिर वह एक के बाद एक कई हवाई फायर करता है।
उसके फायरिंग करने की करतूत को वहां से गुजर रहे राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि बरात पास के ही एक विवाह मंडप में गई थी।
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर कनखल पुलिस भी चौकन्नी हो गई। एसओ हरिओमराज चौहान का कहना है कि मामले की जांच कर रहे हैं। पता कर रहे हैं कि बरात कौन से विवाह मंडप में गई थी। फायरिंग करने वाले की पहचान होने पर कार्रवाई की जाएगी।