जहर खाने से युवक की मौत गई। युवक ने एक फाइनेंस कंपनी से लोन लिया था। मृतक की मां का आरोप है कि कंपनी के कर्मचारियों ने उसके बेटे पर किश्त के लिए दबाव बनाया। जिससे परेशान होकर उनके बेटे ने जहर खा लिया। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी सहसपुर मुकेश त्यागी ने बताया कि तहरीर में तिमली गांव निवासी समीना ने कहा कि उसके बेटे ताहिर (29) पुत्र जाहिद ने एक फाइनेंस कंपनी से करीब 70 हजार रुपये का लोन लिया था। वह कुछ किश्तें दे चुका था। आरोप लगाया कि बीते मंगलवार की शाम को कंपनी से जुड़े छह कर्मचारी उनके घर पर आए।
कर्मचारियों ने उनके बेटे पर किश्त के लिए दबाव बनाया। जिससे परेशान होकर उनके बेटे ने जहर खा लिया। यह देख सभी कर्मचारी वहां से भाग खड़े हुए। उन्होंने बेटे को पहले हरबर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल और फिर एक दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच चौकी प्रभारी धर्मावाला को सौंपी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फाइनेंस कंपनी के अधिकारी और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी। मृतक गांव में ही दुकान चलता है।