महिलाओं के साथ बढ़ी आपराधिक घटनाओं के विरोध में युवा कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकाला। कांग्रेस भवन से शुरू होकर जुलूस घंटाघर पर खत्म हुआ।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, महासचिव स्वाति नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता शुक्रवार शाम को कांग्रेस भवन एकत्र हुए। सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि जिस राज्य की स्थापना में मातृशक्ति का अभूतपूर्व योगदान रहा है, उसमें ही महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। इससे पूरा समाज कलंकित हो गया है। कहा कि सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। विगत दिनों रुद्रपुर में महिलाओं के उत्पीड़न के विरोध में आंदोलन कर रहीं महिला कांग्रेस प्रदर्शनकारियों पर जिस तरह लाठियां बरसाई गईं, यह सरकार की महिलाओं के प्रति सोच को दर्शाता है। उन्होंने महिला अपराध के दोषियों को कठोर सजा दिलाए जाने की मांग की।
स्वाति नेगी ने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं खुद को सबसे ज्यादा असुरक्षित महसूस कर रही हैं। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी शिवी चौहान, लाल चंद शर्मा, विकास नेगी, अभिनव थापर, सुधांशु अग्रवाल, कमल कांत, प्रदीप रावत, सुलेमान अली, मोहन काला, प्रियंश छाबडा, नवीन रमोला, अजय रावत, अज्जी, रोबिन त्यागी, मोहित महता आदि मौजूद रहे।