प्रेमनगर क्षेत्र के झाझरा निवासी निवासी नीरज (23) को आवासीय कॉलोनी में खतरनाक तरीके से कार चलाकर स्टंटबाजी और हुड़दंग करना भारी पड़ गया। सेलाकुई थाना पुलिस ने शांति भंग की आशंका में उसे गिरफ्तार कर कार सीज कर दी।
थाना प्रभारी शैंकी कुमार के हवाले से बताया कि 16 सितंबर की रात भागीरथी एनक्लेव में कपिल मेडिकल हॉल के सामने वाली गली में कार चालक नीरज खतरनाक और अनियंत्रित तरीके से वाहन चला रहा था। स्थानीय लोगों ने उसे रोककर ऐसा करने से मना किया तो वह उनके साथ गाली-गलौज और झगड़ा करने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए नीरज को शांतिभंग के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। आरोपी मूल रूप से हरियाणा के करनाल के चोरगारसा का निवासी है। संवाद