झील में नौका विहार कर रहे युवक ने अचानक लाइफ जैकेट खोलकर झील में छलांग लगा दी। एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ युवक की तलाश की लेकिन देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं चला।
बोट स्टैंड के पास मिले युवक के बैग से बरामद हुए सामान से उसकी पहचान प्रह्लाद कुंवर (27) पुत्र स्व. दान सिंह निवासी जगदंबा कॉलोनी बेड़ीनाग (पिथौरागढ़) निवासी के रूप में हुई। युवक की तलाश अब बृहस्पतिवार सुबह फिर से की जाएगी।
बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे एक युवक कंधे पर बैग लटकाए ठंडी सड़क स्थित बोट स्टैंड के पास पहुंचा और नाव चालक संदीप से नौका विहार कराने को कहा। बताया जाता है कि जैसे ही नाव झील के बीच में पहुंची युवक ने संदीप को किराए के रूप में पांच सौ का नोट दिया।
इसके बाद लाइफ जैकेट खोलते हुए नाव चालक संदीप को बताया कि वह झील में कूदने जा रहा है और अगर उसने बचाने की कोशिश की तो वह उसे भी डुबो देगा। इसके बाद वह झील में कूद गया। युवक के झील में छलांग लगाते ही संदीप ने शोर मचाना शुरू किया।