धर्मावाला चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक युवक ने पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। युवक मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुंसाई ने बताया कि मृतक की पहचान अमित कुमार(25) पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी फतेहपुर धर्मावाला के रूप में हुई है। बताया कि परिजनों के अनुसार रात रो सब खाना खाकर सो गए थे। जिसके बाद उन्होंने सुबह के समय अमित के शव को घर के पास ही मौजूद एक पेड़ से लटकते हुए पाया। चौकी प्रभारी ने बताया कि आसपास पूछताछ में पता चला है कि युवक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।