मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को आदर्श मानकर उनके जैसा ही क्रिकेटर बनने की चाह हरिद्वार के 13 वर्षीय किशोर भानू प्रताप को दिल्ली ले गई।
घर से बैट बॉल लेकर निकला किशोर दिल्ली के आईएसबीटी पर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। देर शाम तक यहां खोजबीन में जुटे परिजन सूचना मिलने पर उसे लेने दिल्ली रवाना हो गए।
बृहस्पतिवार की देर शाम आर्यनगर की सौंधी नर्सिंग होम गली निवासी अनुज सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उसका 13 वर्षीय पुत्र भानू प्रताप शाम पांच बजे से लापता है।
क्रिकेट अकादमी में दाखिले की जिद
घर से बैट बॉल लेकर वह खेलने जाने की बात कहकर गया था। यह भी बताया कि उसका क्रिकेटर बनने का ख्वाब है और वह दिल्ली की किसी क्रिकेट अकादमी में दाखिला दिलाने की जिद कर रहा था।
सूचना पर पुलिस किशोर की खोजबीन में जुटी ही थी कि देर रात 12 बजे परिजनों से मोबाइल फोन पर दिल्ली पुलिस ने संपर्क कर किशोर के अपने पास होने की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी पंकज गैरोला ने बताया कि किशोर क्रिकेट के शौक के चलते दिल्ली चला गया।
दिल्ली में आईएसबीटी चौकी पुलिस ने उसे अकेला घूमते देखकर पकड़ लिया, पूछताछ में उसने यह जानकारी दी। परिजन उसे लेने दिल्ली रवाना हो गए है।