नाबालिग से दुष्कर्म कर बनाया वीडियो
थाना पटेलनगर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म कर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। नाबालिग की मां की तहरीर के बाद पटेलनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पटेलनगर पुलिस के मुताबिक, नाबालिग की मां ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी की दोस्ती इंस्टाग्राम पर मेरठ निवासी अंजनि चतुर्वेदी के साथ हुई थी। एक दिन उसकी बेटी स्कूल जा रही थी। आरोपी युवक मेरठ से आया और नाबालिग को धमकाया। कहा कि अगर वह उसके साथ नहीं गई तो वह उसके मम्मी को सारी बातें बताकर स्कूल आना बंद करवा देगा।
रिश्तेदारों को वीडियो और फोटो भेजकर कर रहा बदनाम
इसके बाद वह उसे अपने साथ दोस्त के फ्लैट में ले गया। जहां उसने दुष्कर्म कर वीडियो बनाया। आरोप है कि आरोपी वीडियो को उसकी बेटी के नाम से स्नैपचैट और इंस्टाग्राम पर आईडी बनाकर अपलोड कर रहा है। वीडियो में उसने बेटी का फोन नंबर भी डाल रखा है।
ये भी पढ़ें...फर्जीवाड़ा: फर्जी दस्तावेज बनाकर सिनेमाघर के मालिक से ही कर दी सिनेमाघर की डील, शातिरों के प्लान का हुआ पर्दाफाश
बेटी को फोन कर जिंदगी बर्बाद करने, करियर खत्म करने और सुसाइड के लिए मजबूर करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की मां ने बताया कि इसके बाद उसकी बेटी ने आत्महत्या की कोशिश भी की थी। बताया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर रिश्तेदारों को वीडियो और फोटो भेजकर बदनाम कर रहा है। इंस्पेक्टर कोतवाली पटेलनगर रविंद्र यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।