उत्तराखंड जलविद्युत निगम की ढकरानी खेल मैदान पर शुरू हुई दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले दिन यमुना वैली ने गंगावैली टीम को हराकर फाइनल में अपनी जगह बना ली। उधर, दूसरे मैच में भागीरथी वैली का मुकाबला देहरादून मुख्यालय की टीम से चल रहा है। रोशनी कम होने के कारण मुकाबला बीच में रोक दिया गया जो शनिवार को खेला जाएगा।
जलविद्युत निगम की अंतरनिगमीय क्रिकेट प्रतियोगिता में निगम की चार टीम प्रतिभाग कर रही हैं। पहला मुकाबला यमुना वैली व गंगा वैली टीम के बीच खेला गया। यमुना वैली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 171 रन बनाए। यमुना वैली की ओर से संतोष ध्यानी ने 41 व कप्तान सुनील ठाकुर ने 40 रन की पारी खेली।
गंगा वैली की ओर से कासिम ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गंगा वैली की टीम 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 162 रन ही बना सकी। गंगा वैली की ओर से मनोज जोशी ने 32 व मोहित बिष्ट ने 28 रन की पारी खेली। यमुना वैली की ओर से राकेश राणा, अमित रावत, संतोष ध्यानी, सुहेल ने 2-2 विकेट लिए। इस प्रकार प्रथम मैच जीतकर यमुना वैली ने फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का दूसरा मैच मुख्यालय देहरादून और भगीरथी वैली के बीच खेला गया। भगीरथी वैली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 105 रन बनाए। टीम की ओर से जगदीश नौटियाल ने 45 रनों की पारी खेली। देहरादून मुख्यालय की ओर से गेंदबाजी करते हुए मुकेश कुमार ने चार व नवीन जोशी ने तीन विकेट लिए।
खराब लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून मुख्यालय की टीम 15 ओवर में सात विकेट खोकर 74 रन बना चुकी थी। लेकिन रोशनी कम होने के कारण मैच शनिवार की सुबह तक के लिए रोक दिया गया। इसके पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तराखंड पावर ट्रांसमिशन कार्पोरेशन लिमिटेड के निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल ने किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रवीन कुमार जौहरी, उपमहाप्रबंधक अनित अमोली, मनदीप सिंह, हेमंत श्रीवास्तव, एके सिंह, अधिशासी अभियंता दीपक आर्य, यशपाल सिंह बिष्ट, उमाकांत पांडेय, सुखजीत सिंह, अरविंद कुमार, अमित रंजन, वरिष्ठ लेखाधिकारी अहसान मोहम्मद, सहायक अभियंता भूपेंद्र फर्त्याल, नीतू राणा, अंकिता रौथाण, मीना आदि उपस्थित रहे।