-सचिव ग्राम्य विकास धीराज गर्ब्याल ने जारी किए आदेश
विज्ञापन
-स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी व युवाओं को दी जाएगी स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के लिए स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ग्राम्य विकास के माध्यम से प्रत्येक विकासखंड में कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें लोगों को सरकार की स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सचिव ग्राम्य विकास धीराज गर्ब्याल ने इस संबंध में आदेश जारी किए।
कार्यशाला में स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी व युवाओं को पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, कृषि, उद्यान, वन, पर्यटन, सिंचाई विभागों के माध्यम से संचालित स्वरोजगार याेजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इन कार्यशालाओं में ग्राम्य विकास विभाग की जिला स्तरीय टीम के साथ मुख्य विकास अधिकारी व संबंधित विभाग के अधिकारी शामिल होंगे।
सचिव ग्राम्य विकास ने निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के अनुसार आजीविका आधारित स्वरोजगार गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा, विकाससखंड स्तर पर होने वाली कार्यशालाओं के प्रभाव पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सरकार जनता के द्वार के तहत यह पहल की जा रही है। प्रदेश के दूरस्थ विकासखंड में होने वाली कार्यशालाओं में वह स्वयं जाएंगे।