- ई-चालान के नाम पर आए फर्जी संदेश को खोलते ही खाली हुआ बैंक खाता
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। कालसी कोतवाली क्षेत्र के हरिपुर निवासी दुलीचंद के साथ ई-चालान का मोबाइल फोन पर फर्जी संदेश भेजकर ऑनलाइन ठगी की गई। संदेश खोलते ही उनके बैंक खाते से तीन बार में 1,23,884 रुपये कट गए। पीड़ित की शिकायत पर कालसी थाने में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली प्रभारी विवेक राठी ने बताया कि दुलीचंद की वर्कशॉप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक 28 अक्तूबर की रात करीब 11:30 बजे उनके वॉट्सएप पर ई-चालान का संदेश आया। जैसे ही उन्होंने इसे खोला, पंजाब नेशनल बैंक की हरिपुर शाखा में जमा उनके खाते से यूपीआई के जरिये 50 हजार, 43,884 और 30 हजार रुपये कट गए। पीड़ित ने एक नवंबर को थाने पहुंचकर तहरीर दी। मामले की जांच की जा रही है।