- लखवाड़ परियोजना के श्रमिक ने दो दिन का दिया अल्टीमेटम, तालाबंदी व हड़ताल की चेतावनी
- डस्ट, ट्राइबल व एचआरए भत्ते के साथ 46 निकाले गए श्रमिकों की बहाली पर अड़ा संगठन
संवाद न्यूज एजेंसी
कालसी। लखवाड़ बांध परियोजना में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत श्रमिकों के सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। आक्रोशित श्रमिकों ने श्रम विभाग और कार्यदायी संस्था एलएनटी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए कंपनी और उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) का पुतला फूंका। श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो परियोजना की सभी आपातकालीन सेवाएं ठप कर दी जाएंगी और कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी।
परियोजना स्थल पर आयोजित धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सीटू से संबद्ध संविदा श्रमिक संघ उत्तरांचल के अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने कहा कि श्रमिक अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान प्रबंधन के साथ कई बार बैठकें आयोजित हुईं, जिनमें सिर्फ कोरे आश्वासन दिए गए। अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। श्रमिकों की लगातार हो रही इस अनदेखी से उनके भीतर रोष पनप रहा है।
इन प्रमुख मांगों पर अड़े हैं श्रमिक
संघ के अध्यक्ष ने बताया कि परियोजना में कार्यरत श्रमिकों को डस्ट अलाउंस (धूल भत्ता), ट्राइबल अलाउंस (जनजातीय भत्ता) और हाउस रेंट अलाउंस (एचआरए) दिया जाना चाहिए। इसके अलावा, परियोजना से निकाले गए 46 श्रमिकों को तत्काल प्रभाव से दोबारा काम पर रखने और श्रमिक यूनियन को आधिकारिक मान्यता देने की मांग भी लंबे समय से लंबित है।
तालाबंदी की जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी
श्रमिकों ने स्पष्ट किया कि यदि दो दिन के भीतर उनकी सभी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन उग्र रूप लेगा। श्रमिक परियोजना की सभी आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह ठप कर देंगे। साथ ही एलएनटी कंपनी और यूजेवीएनएल के सभी कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी। इस दौरान होने वाले किसी भी नुकसान या व्यवधान की पूरी जिम्मेदारी कंपनी और निगम प्रबंधन की होगी। प्रदर्शन में विपिन रावत, सतीश तोमर, आशीष पुंडीर, जयवीर रावत, प्रदीप पुंडीर, मुकेश रावत, रमेश रावत, अमित चौहान और जगदीश डोगरा सहित कई श्रमिक मौजूद रहे।