क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग का अभियान जारी है। विकासनगर, हरबर्टपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। बरसात के दौरान सड़कों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में विभाग ने अब सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य तेज कर दिया है।
बारिश के कारण सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। गड्ढों में पहिए गिरने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के साथ ही वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा था। इसके अलावा कई स्थानों पर जलभराव की समस्या के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धर्मावाला-कुंजा मार्ग और हरबर्टपुर से आसन बैराज मार्ग समेत अन्य सड़कों पर काफी हद तक गड्ढे भर दिए गए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र की अन्य सड़कों की मरम्मत का कार्य भी जारी है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत क्षेत्र की सभी खराब सड़कों को जल्द ठीक कर दिया जाएगा।