-मुख्यमंत्री को दिया यात्रा के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से श्री हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने आगामी यात्रा को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही 20 मई 2026 को हेमकुंड साहिब यात्रा के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन व प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी। यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि हेमकुंड साहिब यात्रा को सफल, सुगम व व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 20 मई 2026 को यात्रा के पहले जत्थे का विदाई समारोह आयोजित होगा। इस पहले जत्थे का नेतृत्व पारंपरिक रूप से पंज प्यारे करेंगे। हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई 2026 को खुलेंगे। लाखों श्रद्धालु इस पावन यात्रा में शामिल होकर गुरु गोबिंद सिंह जी की पावन तपोभूमि के दर्शन करेंगे।