- सिमोग में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने शादी व अन्य आयोजनों के लिए बनाए नियम
संवाद न्यूज एजेंसी
चकराता। ग्राम समोग में आयोजित बैठक में विवाह व अन्य आयोजनों में फिजूलखर्ची रोकने के लिए नए नियम बनाए गए। इसका उल्लंघन करने वालों पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने का फैसला लिया गया।
स्याणा विजय सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि कोई व्यक्ति वेडिंग प्वाइंट या गांव से बाहर विवाह समारोह आयोजित करता है तो गांववासियों के आवागमन, वाहन व्यवस्था, भोजन-पानी सहित समस्त खर्च की जिम्मेदारी उसी की होगी। इसके अलावा विवाह समारोह व अन्य आयोजनों में महिलाएं केवल सीमित आभूषण जिनमें कान के झुमके, नाक की फली, मंगलसूत्र और अंगूठी ही पहन सकेंगी। रईणी भोज में महिलाओं को अधिकतम 101 रुपये ही दिए जाएंगे। समारोहों में फास्ट फूड पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। भोजन के उपरांत केवल एक प्रकार की मिठाई जैसे गुलाब जामुन या जलेबी ही परोसी जाएगी। पर्व व आयोजनों में अंग्रेजी शराब, बीयर, भांग जैसे हर प्रकार के नशे का सेवन या बिक्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। दहेज में पांच पाइते दिए जाएंगे जिनमें पंचभांडी, संदूक और बिस्तर ही शामिल होंगे। मामा पक्ष की ओर से केवल एक बकरा ही दिया जाएगा। बैठक में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने का निर्णय भी सर्वसम्मति के आधार पर लिया गया। इस दौरान विजय सिंह नेगी, चतर सिंह नेगी, केदार सिंह नेगी, अर्जुन सिंह नेगी, शमशेर सिंह नेगी, मायाराम नेगी, सरदार सिंह नेगी, प्रताप सिंह नेगी, बलबीर सिंह नेगी, मुन्ना सिंह नेगी, अतर सिंह नेगी, शूरवीर सिंह नेगी, मातबर सिंह नेगी, बर्फिया वर्मा, गमानू वर्मा, गीता वर्मा, भगतू दास आदि उपस्थित रहे।