वूमेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में उत्तराखंड ने सौराष्ट्र को 173 रन से शिकस्त दी। उत्तराखंड की तरफ से शगुन, ज्योति और नीलम ने शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम ने 266 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। इसके बाद गेंदबाजों ने भी मोर्चा संभाला और सौराष्ट्र की पूरी टीम को 92 रन पर ढेर कर दिया। उत्तराखंड टीम ने टूर्नामेंट में लगातार यह सातवीं जीत दर्ज की है। टूर्नामेंट में अभी तक कुल सात मैच खेले गए हैं और सभी मैच इसने जीते हैं। अपने ग्रुप से उत्तराखंड ने क्वालीफाई कर लिया है।
शुक्रवार को रेलवे क्रिकेट ग्राउंड राजकोट में हुए मुकाबले में उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी की। उत्तराखंड को पहला झटका नंदनी कश्यप (18) के रूप में लगा। इसके बाद शगुन ने ज्योति गिरी के साथ मिलकर 80 रन से ज्यादा की साझेदारी की। शगुन अर्द्धशतक पूरा करते हुए 50 रन पर आउट हो गई। ज्योति ने नीलम के साथ साझेदारी की, लेकिन वह भी अर्द्धशतक पूर कर 52 रन पर विकेट गंवा बैठी।
नीलम ने राघवी के साथ 50 रन से ज्यादा की साझेदारी की और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। नीलम 50, राघवी 45 रन पर आउट हुई। अंजली गोस्वामी 34, सफीना 1 रन बनाकर नाबाद लौटे। टीम ने 50 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 265 रन बनाए।
गेंदबाजों के सामने सौराष्ट्र ने टेके घुटने
विशाल लक्ष्य होने के बावजूद उत्तराखंड के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवर से हमला बोल दिया। मीनाक्षी, निशा मिश्रा, सफीना, पूजा राज की कहर बरपाती गेंदों के सामने बल्लेबाज घुटने टेकते रहे। उसके बाद पूरी टीम 92 रन पर सिमट गई। पूजा मिश्रा, मीनाक्षी, सफीना, पूजा राज ने 2-2 विकेट लिए। ज्योति गिरी, लक्ष्मी बसेरा ने 1-1 विकेट लिया।