सेलाकुई पीठ बाजार को बंद कराने को लेकर हंगामा करतीं महिलाओं को समझाते पुलिस कर्मचारी।
- फोटो : VIKAS NAGAR
क्षेत्र में हर सप्ताह मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक पीठ बाजार को महिलाओं ने हंगामा कर बंद करा दिया। महिलाओं ने पीठ बाजार पर पूर्ण रूप से रोक लगाने की मांग की है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि पूर्व तक पीठ बाजार का संचालन ग्राम पंचायत के माध्यम से किया जाता था, जिसके बाद यह नगर पंचायत के माध्यम से संचालित होने लगा। आरोप लगाया कि बीते तीन साल से यह पीठ बाजार अवैध रूप से संचालित हो रहा है। इसके चलते यहां अक्सर अव्यवस्थाओं का बोल-बाला रहता है। इससे सड़क से गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में क्षेत्र को ग्राम पंचायत और नगर पंचायत में से किसी एक में शामिल करने को लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में क्षेत्र में लगने वाले पीठ बाजार का कोई औचित्य नहीं होता। कुछ लोग मुनाफे के चक्कर में अवैध रूप से पीठ का संचालन कर रहे हैं। कहा जब तक पीठ बाजार किसी वैध संस्था के अधीन नहीं आता, इसका, संचालन बंद कर देना चाहिए। उधर, एसडीएम कौस्तूभ मिश्र ने कहा कि मामले में जांच रिपोर्ट मांगी गई है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। हंगामा करने वालों में वकीला खातून, मीना कुमारी, मेहरूना प्रवीन, कल्पना, किरण, अनिता डंगवाल, कविता, भगवती आदि शामिल रहीं।