किट्टी फ्रॉड की शिकार महिलाओं ने ठगी की रकम वापस दिलाए जाने की मांग को लेकर बुधवार को विधानसभा कूच किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रिस्पना पुल के पास बैरीकेडिंग लगाकर रोक लिया। इस दौरान उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारी को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम ज्ञापन सौंपा।
बुधवार को नेहरू कॉलोनी स्थित फव्वारा चौक पर पीड़ित महिलाएं एकत्र हुईं। वहां से जुलूस के रूप में विधानसभा कूच किया। पुलिस ने उन्हें रिस्पना पुल के पास बैरीकेडिंग लगाकर रोक लिया। इस बीच पुलिस और महिलाओं के बीच नोक-झोंक भी हुई।
जिसके बाद महिलाएं वहीं बैठ गईं। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि पिछले कुछ सालों में किट्टी के नाम पर करोड़ों की ठगी हो चुकी है। पीड़ित महिलाओं ने सात एफआईआर भी दर्ज कराई हैं।
जबकि दर्जनों महिलाओं की तो पुलिस ने एफआईआर ही दर्ज नहीं की। इससे महिलाओं में रोष व्याप्त है। इस दौरान अनिता शास्त्री, अमित पारिक, नेहा पारिक, विमला थापा, विद्या भट्ट, गीता बिष्ट, मनीषा गुरुंग, सरबजीत कौर, सोनम रावत, भूमिका यादव आदि मौजूद रहीं।