शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड के नैनीताल में एक युवती की हत्या कर शव हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर नलेना-आमपड़ाव के पास फेंक दिया गया। सोमवार शाम युवती का शव मिलने की सूचना पर एसएसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसएसपी सुनील कुमार मीणा के अनुसार युवती की हत्या गला दबाकर की गई प्रतीत हो रही है। हत्या किसी दूसरी जगह कर शव यहां ठिकाने लगाया गया है। प्रारंभिक जांच और पंचनामे के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजा गया है।
सोमवार शाम किसी ट्रैक्सी चालक ने पुलिस को नलेना और आमपड़ाव के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग में खाई की ओर एक शव पड़ा होने की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया। सीओ विजय थापा और तल्लीताल थानाध्यक्ष राहुल राठी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एसएसपी ने भी मौके पर आकर जांच पड़ताल की।
एसएसपी मीणा और सीओ थापा ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या युवती की उम्र 20 से 25 के बीच है। वह बैंगनी कुर्र्ती और पीला सलवार पहने है। उसके दाएं हाथ पर कड़ा और बायें हाथ में अंग्रेजी में चाई छन लिखा टैटू गुदा हुआ है।
मीणा ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि युवती की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसे यहां आकर ठिकाने लगाया गया है। शरीर पर चोट के निशान से ये भी लग रहा है कि युवती को फेंका गया है।
एसएसपी ने मातहतों को जल्द से जल्द युवती की शिनाख्त कर मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से वहां से गुजरे वाहनों का पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे उसे कुछ सुराग हासिल हो सकता है।