एक विधवा महिला के क्षतिग्रस्त घर को बनाने में मदद के लिए गांव के युवा आगे आए हैं। इसके लिए युवाओं ने एक टीम बनाकर नवरात्रों में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया है।
जिसमें आंचलिक लोक कलाकारों को बुलाया गया है। कार्यक्रम से जमा होने वाली रकम से महिला का घर तैयार किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर टीम निजी तौर पर भी आर्थिक सहयोग करेगी।
बारिश में टूट गया था घर
बीती बरसात में श्यामपुर क्षेत्र की महिला शांती देवी का घर क्षतिग्रस्त हो गया था। बताया गया कि महिला ने घर बनाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक से गुहार लगाई, लेकिन उसे कहीं से भी मदद नहीं मिली। बेघर महिला पिछले कई माह से ग्रामीणों की मदद से किसी तरह से गुजर बसर कर रही है।
जागरूक युवा आए आगे
ऐसे में गांव के जागरूक युवा आगे आए हैं। उन्होंने महिला का घर बनाने की सार्थक पहल की है। इसके लिए खदरी इंटर कालेज में बृहस्पतिवार को जागरण का आयोजन किया गया है।
प्रख्यात लोक गायक आएंगे
ग्रामीण लाखीराम भट्ट, बलवीर चौहान, जयदीप जैन, आशीष जैन ने बताया कि ढाई लाख की लागत से बनने वाले घर के लिए चंदे की रकम जुटाने को यह आयोजन किया जा रहा है। जिसमें प्रख्यात लोक गायक प्रीतम भरतवाण, मंगलेश डंगवाल, मीना राणा आदि भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि यदि कार्यक्रम से एकत्रित धनराशि में कमी पड़ती है, तो वह आपस में आर्थिक सहयोग कर महिला का घर बनवाएंगे।