उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि में गंगानगर पुल के पास दोपहर 12 बजे एक महिला ने अपनी डेढ़ माह की बच्ची के साथ मंदाकिनी नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर पुलिस, एनडीआरएफ व फायर बिग्रेड ने नदी किनारे रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई।
अंजू देवी (27) पत्नी विक्की सिंह चौहान, निवासी ढुबल्या (तिमली-बड़मा) बृहस्पतिवार सुबह अपनी डेढ़ माह की बच्ची को लेकर घर से यह कहकर निकली कि वह अगस्त्यमुनि टीकाकरण के लिए जा रही है।
बच्ची को टीका लगाकर दोपहर तक घर पहुंच जाएगी। महिला बेटी को लेकर अगस्त्यमुनि बाजार पहुंची। दोपहर 12 बजे वह मुख्य बाजार से वापस गंगानगर पहुंची। यहां अपने गांव जाने वाले वाहन में बैठने के बजाय वह कुछ आगे सडक़ किनारे गई और वहां से बच्ची को लेकर मंदाकिनी नदी में छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि महिला के हावभाव से लगा ही नहीं कि वह इस तरह का कदम उठाएगी। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुबोध ममगाईं ने बताया कि घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
साथ ही महिला की खोजबीन की जा रही है। बताया कि महिला की एक तीन वर्ष की बेटी भी है। जबकि पति दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। घटना के बाद से घर व गांव में मातम पसरा हुआ है।